लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी इस यात्रा का आज यानि 19 अगस्त को तीसरा दिन है।
नवादा में संवाद
राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा के तीसरे दिन नवादा जिले के मनैनी गांव में ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं जानी। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ ही महागठबंधन के प्रमुख नेता भी शामिल थे।
राहुल गांधी का बयान
राहुल गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने भीड़ में से एक आदमी को बुलाया और बताया कि बिहार में ऐसे लाखों लोग हैं, जिन्होंने वोट दिया, वोटर लिस्ट में उनका नाम था लेकिन उनका नाम काट दिया गया।
उन्होंने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच पार्टनरशिप चल रही है और ये मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा, “हम बीजेपी को बिहार का एक वोट चोरी नहीं करने देंगे।”
तेजस्वी यादव का हमला
आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बीजेपी को आड़े हाथों लिया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर गरीब लोगों के वोट के अधिकार को छीन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कई लोगों का नाम काट दिया गया है, जो जीवित हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में वोट दिया था। उन्हें अब मृत घोषित कर दिया गया है।
नीतीश कुमार पर निशाना
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग समझते हैं कि हम बिहार को चुना लगा देंगे, लेकिन “हम लोग बिहारी हैं, और एक बिहारी सब पर भारी।”
उन्होंने आगे कहा कि इनसे बिहार संभल नहीं रहा है, अब बिहार को तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ना है और विकास करना है।
तेजस्वी यादव ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार 20 साल वाली “खचाड़ा सरकार” को उखाड़कर फेंकिए।
उन्होंने कहा, “हम लोग नए सोच के हैं, नौजवान हैं, और नए विजन के साथ बिहार बनाएंगे। चाहे किसी भी वर्ग के भाई हों, किसी भी धर्म के भाई हों – सबको साथ लेकर चलेंगे।”
यात्रा का शेड्यूल
राहुल गांधी की बिहार में वोट अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई है। उनकी यह यात्रा 16 दिन चलेगी और 20 जिलों से होकर गुजरते हुए 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी।
