आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में हर घर तिरंगा अभियान बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस से पहले मुख्यमंत्री आवास में इस अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज जन-जन तक पहुंचकर राष्ट्रभक्ति का एक महाअभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है।

सम्मान के साथ फहराएं तिरंगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सभी अपने घर, कार्यालय, दुकान आदि पर तिरंगा गर्व और सम्मान के साथ फहराएं। साथ ही, देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को नमन करें। सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एक लिंक भी साझा किया है, जिसमें उन्होंने प्रदेशवासियों से तिरंगे के साथ अपनी फोटो लेकर harghartiranga.com पर साझा करने को कहा है।
सीएम योगी बोले- महापर्व का बने भागीदार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लखनऊ आवास पर तिरंगा फहराया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि प्रदेश का हर नागरिक अपने घर पर भारत की आन, बान, शान के प्रतीक तिरंगे को फहराकर इस आजादी के महापर्व का भागीदार बने।
